किन्नौर जिला की फॉरेस्ट कॉलोनी रिकांग पीओ में पौधरोपण-जागरूकता अभियान आयोजित

रिकांग पिओ 16 जुलाई, 2025 || जिला किन्नौर के रिकांग पीओ स्थित फॉरेस्ट कॉलोनी में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जितेन्द्र सैनी ने वन विभाग के साथ मिलकर पौधरोपण-जागरूकता अभियान का आयोजन किया। इस अवसर पर 40 चिलगोजे के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

जितेन्द्र सैनी ने इस मौके पर समस्त उपस्थित लोगों को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। उन्होंने आगे कहा कि पर्यावरण को दूषित होने से बचाना और जलवायु परिवर्तन को रोकना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। इसके साथ ही उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि वे वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि समाज और देश को एक स्वच्छ स्थान बनाया जा सके।

इस पौधरोपण जागरूकता अभियान में वन विभाग के कर्मचारी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पीओ के विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों को एक-एक पेड़ गोद लेने के लिए भी प्रेरित किया गया, जिससे वे पर्यावरण संरक्षण में प्रत्यक्ष भागीदारी कर सकें। इसके अतिरिक्त, ठोस कचरे प्रबंधन के बारे में भी जागरूकता फैलाने पर बल दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस थाना रिकांग पीओ के सहायक उप निरीक्षक संजीव कुमार, वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पीओ के अध्यापकगण और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। इस अभियान ने न केवल पौधरोपण को बढ़ावा दिया, बल्कि लोगों के बीच पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment