राकेश नंदन|5 नवंबर|नाहन|सांसद शिमला संसदीय क्षेत्र एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप नाहन में मीडिया से रूबरू हुए। मीडिया से बात करते हुए सांसद ने मौजूदा प्रदेश सरकार को जमकर खरी खोटी सुनाई। सांसद ने इस अवसर अपने बीते 5 वर्षो में अपने संसदीय क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकासात्मक कार्यों पर भी जानकारी मीडिया के साथ साझा की। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता,मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर एवं तपैंद्र चौहान मौजूद रहे।

 

मीडिया से बात करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा की कांग्रेस पार्टी वो पार्टी है जो सिर्फ और सिर्फ सत्ता में आने हेतु झूठी गारंटियां देती है। सांसद ने कहा की चुनाव से पहले कांग्रेस ने लोगों को रिझाने के लिए बड़े-बड़े वादे किए थे जिन्हें अभी तक पूरा नहीं किया गया है। इसमें युवाओं को 5 लाख नौकरी का वादा, माता बहनों को प्रतिमाह 1500 देने के वादे के साथ साथ 300 यूनिट फ्री बिजली देने का ऐलान किया था जो आज तक इन्होंने पूरा करने का प्रयास तक नहीं किया है। बावजूद इसके प्रदेश सरकार कर्ज लेने में व्यस्त है। सांसद ने बताया कि आरटीआई के माध्यम से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश सरकार अभी तक 10,300 करोड रुपए का कर्ज ले चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने जो प्रदेश में विकास कार्य शुरू किए थे वह सभी विकास कार्य रुके पड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने इन 10 महीना में प्रदेश को 10 साल पीछे की ओर धकेल दिया है जो कि प्रदेश के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

सांसद कश्यप ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्य योजना के तहत पिछले 5 वर्षों से देश के 80 करोड लोगों को मुफ्त राशन दिया है और इस योजना को अब प्रधानमंत्री ने अगले 5 वर्षों के लिए आगे बढ़ाया है जिसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने इस बात पर भी खुशी जताई है कि बीते कुछ वर्षों में देश के साढ़े 13 करोड लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं जो कि देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा उन्होंने शिमला संसदीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए शिमला संसदीय क्षेत्र में बीएसएनएल के 251 टावर लगाई जा रहे हैं। जिसमें से 91 टावर जिला सिरमौर में लगेंगे। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में 2G की सुविधा उपलब्ध है वहां 4G और 5G तक लगाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा इस संसदीय क्षेत्र में रेलवे सड़कों और आदर्श ग्राम को लेकर भी कई कार्य चल रहे हैं।

Leave a Comment