नाहन : सिरमौर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, भाजपा मण्डल अध्यक्ष नाहन प्रताप ठाकुर,मनीष चौहान,आर आर शर्मा ने संयुक्त बयान में कहा है कि इन दिनों शिमला संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी सिरमौर जिला के दौरे पर है और उन्होंने नाहन विधानसभा क्षेत्र का भी दौरा किया मगर उनके पास लोगों के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोई भी ऐसा काम अपने इस कार्यकाल के दौरान हिमाचल प्रदेश के भीतर नहीं कर पाई है जिसको लेकर कांग्रेस उम्मीदवार लोगों के बीच जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार को यह बताना चाहिए कि आखिर उन्होंने पूर्व सरकार द्वारा लोगों की मांग पर खोले गए संस्थाओं को क्यों बंद कर दिया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पूर्व की जयराम सरकार के समय में नाहन विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्यालय पूर्व भाजपा विधायक डॉ राजीव बिंदल के प्रयासों से खोले गए थे मगर कांग्रेस ने बदले की भावना से काम करते हुए सत्ता में आते ही इन कार्यालय को बंद करवा दिया जिसका खामियाजा संबंधित इलाकों के लोगों को भुक्तना पड़ रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी को यह भी बताना चाहिए कि उनके पिता ने बतौर सांसद रहते हुए सिरमौर जिला में क्या विकास कार्य करवाए।
भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि भाजपा के सांसद व शिमला सीट से प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने अपने 5 साल के कार्यकाल भी कई विकासात्मक कार्य शिमला संसदीय क्षेत्र के भीतर कार्रवाई है जिससे सिरमौर जिला भी अछूता नहीं है उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में सिरमौर जिला से बड़ा समर्थन भाजपा उम्मीदवार को मिलने वाला है।