ऊना आरटीओ कार्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर

rakesh nandan

23/02/2026

ऊना में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जागरूकता शिविर आयोजित

सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत आज आरटीओ कार्यालय परिसर ऊना में जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव एवं वरिष्ठ सिविल जज Anita Sharma ने की। इस शिविर में निजी बस ऑपरेटर, ऑटो एवं टैक्सी यूनियन ऊना, ट्रक ऑपरेटर यूनियन मैहतपुर व ईसापुर, राजकीय महाविद्यालय ऊना तथा डिफेंस अकादमी ऊना के प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


हिट एंड रन और गुड सेमेरिटन योजना पर दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान अनीता शर्मा ने बस ऑपरेटरों, चालकों, परिचालकों और विद्यार्थियों को हिट एंड रन केस, गुड सेमेरिटन प्रावधान, कैशलैस ट्रीटमेंट स्कीम तथा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने वाले नागरिकों को कानून द्वारा संरक्षण प्रदान किया गया है, ताकि वे बिना किसी भय के मदद कर सकें।


यातायात नियमों के सख्त पालन पर जोर

आरटीओ ऊना ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा मानवीय संवेदनशीलता के महत्व पर बल दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।


छात्राओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय ऊना की छात्राओं जिया, ईशिता, दया एवं ईशा ठाकुर तथा डिफेंस अकादमी ऊना की छात्राओं शाशि और पल्लवी को उत्कृष्ट पीपीटी प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।